U.P. News: समोदिया गांव में शुक्रवार की शाम कुछ अलग ही नज़ारा था। डीजे की धुन पर नाचते बाराती, सज-धजकर तैयार दूल्हा और दरवाज़े पर खड़ी घोड़ी- सब कुछ बिल्कुल वैसे ही चल रहा था जैसे हर शादी में होता है। लेकिन अचानक पहुंचे ग्राम प्रधान और बीएलओ ने पूरी बरात को रुकवा दिया, और वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।

बारात जाने के लिए थी तैयार, अचानक ग्राम प्रधान और बीएलओ ने रोक दी- दूल्हे से भरवाया SIR फार्म फिर चढ़ा घोड़ी, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

निकाह से पहले दूल्हे को दिया खास जिम्मेदारी का संदेश

गांव के प्रधान मोहम्मद आरिफ हुसैन अंसारी और बीएलओ रजिंदर सिंह ने दूल्हे जसीम से कहा कि निकलने से पहले आपको SIR फॉर्म भरना होगा। यह फॉर्म चुनाव आयोग के विशेष पुनरीक्षण अभियान से जुड़ा हुआ है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि हर योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके।

दूल्हे ने बिना किसी हिचकिचाहट के वहीं खड़े-खड़े फॉर्म भरा। पूरा माहौल कुछ मिनटों के लिए शादी से ज्यादा प्रशासनिक जिम्मेदारी जैसा हो गया, लेकिन दूल्हे की समझदारी और सहयोग देखकर लोगों ने तालियां बजानी शुरू कर दीं।

फॉर्म भरने के बाद ही चढ़ी घोड़ी, लोग बोले– कमाल की जागरूकता

जैसे ही फॉर्म पूरा हुआ, ग्राम प्रधान ने आशीर्वाद दिया और दूल्हा घोड़ी पर सवार हो गया। इसके बाद बरात अजीतपुर के लिए रवाना हुई। गांव के लोगों के लिए यह नज़ारा सिर्फ मनोरंजक नहीं, बल्कि जागरूकता का एक शानदार उदाहरण भी था।

ग्रामीणों ने कहा कि अगर सरकारी कामों को इतने सहज तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाए, तो अभियान सफल होना तय है। शादी जैसे मौके को भी जिम्मेदारी निभाने का अवसर बनाया जा सकता है- यह बात पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग ग्राम प्रधान व बीएलओ की इस अनोखी पहल की तारीफ कर रहे हैं। यूपी में चल रही SIR प्रक्रिया के बीच यह घटना कहीं न कहीं जागरूकता का नया रास्ता खोल रही है।

Share.
Exit mobile version