फॉण्ट कनवर्टर NEW

मौत के कुएं में स्टंट कर रही युवती की बाइक में लगी आग

बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मौत के कुएं में स्टंट के दौरान एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक चला रही युवती आग लगने के बाद संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

जमशेदपुर : बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में लगे मेले में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मौत के कुएं में स्टंट के दौरान एक बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक चला रही युवती आग लगने के बाद संतुलन खो बैठी और नीचे गिर गई। हादसे में युवती झुलसकर घायल हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद दर्शकों में दहशत फैल गई।

चलती बाइक से निकलने लगा धुआं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात मौत के कुएं में स्टंट का प्रदर्शन चल रहा था। युवती तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए लकड़ी की दीवार पर चक्कर लगा रही थी। इसी दौरान बाइक के इंजन के पास से अचानक धुआं और चिंगारी निकलने लगी। कुछ ही सेकंड में बाइक में आग लग गई।

आग लगते ही युवती बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सकी और करीब 20 फीट ऊंचे कुएं के निचले हिस्से में जा गिरी। यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई।

जान बचाने के लिए भागने लगे दर्शक

हादसे के समय मौत के कुएं के आसपास बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। बाइक से आग की लपटें उठती देख लोग बाहर निकलने के लिए भागने लगे। संकरी सीढ़ियों पर भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस दौरान कुछ लोगों ने हादसे का वीडियो भी बना लिया। सोमवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

कर्मचारियों ने बुझाई आग, युवती को पहुंचाया अस्पताल

घटना के तुरंत बाद मेले के संचालक और कर्मचारियों ने पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

गनीमत रही कि आग मौत के कुएं के लकड़ी के ढांचे में नहीं फैली। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं घायल युवती को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram