रांची: झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की बैठक सोमवार को धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश संयोजक मंगलेश्वर उरांव ने की। इसमें विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रदेश और जिला पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। मोर्चा ने सरकार से शिक्षकों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य के कई स्कूलों में सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई चल रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्कूलों में विषय के अनुसार पर्याप्त शिक्षक नियुक्त करने और जरूरत पड़ने पर घंटी आधारित शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की।
शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग भी उठाई गई।
MACP और विशेष TET की मांग
बैठक में शिक्षकों को MACP का लाभ देने, छठे वेतन आयोग के अनुसार उत्क्रमित वेतनमान लागू करने और वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए विशेष TET परीक्षा आयोजित करने की मांग की गई।
इसके अलावा विद्यालय विकास और कुकिंग कॉस्ट की लंबित राशि जल्द जारी करने तथा शिक्षकों पर वित्तीय और सामाजिक अंकेक्षण के नाम पर दबाव नहीं बनाने की मांग की गई।
अक्टूबर में होगी राज्यस्तरीय शिक्षक संगोष्ठी
बैठक में निर्णय लिया गया कि शिक्षा और शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों को लेकर अक्टूबर में रांची में राज्यस्तरीय शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें राज्यभर से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे।
बैठक में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और रांची, रामगढ़, गुमला व लोहरदगा के शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।




