फॉण्ट कनवर्टर NEW

जमशेदपुर गैंगरेप केस में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 6 घंटे में आरोपियों पर शिकंजा

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश (38) और जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें एवं डिस्पोजेबल ग्लास बरामद कर जब्त कर लिए हैं।

गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर एवं अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला का तत्काल रेस्क्यू कर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी की निगरानी तथा पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

अस्पताल में दर्ज कराए गए पीड़िता के फर्दबयान के अनुसार, बुधवार शाम दोनों आरोपी उसे अपाचे मोटरसाइकिल पर बैठाकर डिमना चौक से डिमना लेक स्थित मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए। आरोप है कि वहां महिला को जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी उसे दोबारा डिमना चौक लाए, जहां फिर से शराब खरीदने के बाद भिलाई पहाड़ी और सिमुलडांगा के बीच रुपाईडांगा मैदान के समीप सुनसान झाड़ियों वाले इलाके में ले जाकर दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने आरोपियों का विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में उसके चेहरे, मुंह, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, बचाव के दौरान पीड़िता द्वारा किए गए प्रतिरोध से मुख्य आरोपी के चेहरे पर नाखून के गहरे निशान भी मिले हैं, जिन्हें जांच में महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी कर दोनों आरोपियों को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए गए।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक एवं विधिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और उसकी सुरक्षा तथा उपचार की पूरी व्यवस्था की गई है। वहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और उपलब्ध सभी साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल किया जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram