Bokaro: झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह के दो बार विधायक रहे सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर बोकारो ओल्ड जेवेरियंस एलुमनाई ट्रस्ट की ओर से गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ट्रस्ट के अरविंद चोपड़ा ने समस्त कार्यकारिणी एवं सभी ट्रस्टियों की ओर से दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। अरविंद चोपड़ा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक और स्तब्धकारी है। अल्पायु में उनका इस प्रकार अचानक हम सभी को छोड़कर चले जाना व्यक्तिगत रूप से भी अत्यंत मर्मांतक एवं अविस्मरणीय आघात है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व केवल एक जनप्रतिनिधि और राजनेता तक सीमित नहीं था। वे संवेदनशीलता, सरलता, आत्मीयता और जनसेवा के प्रति समर्पण का अद्भुत संगम थे। उनका स्नेहिल व्यवहार, आत्मीयता और सहयोग की भावना सदैव स्मृतियों में जीवंत रहेगी।
अरविंद चोपड़ा ने कहा कि उनका असामयिक निधन उनके परिजनों एवं आत्मीयजनों के साथ-साथ गिरिडीह और पूरे झारखंड के सार्वजनिक जीवन के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी को पूरा करना संभव नहीं है।
उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में चिरशांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
अरविंद चोपड़ा ने कहा सुदिव्य जी को अश्रुपूरित अंतिम जोहार।




