Ranchi: पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने की दिशा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और रोटरी क्लब ऑफ रांची ने एक सराहनीय पहल की है। तिरिल स्थित CRPF के केंद्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी) परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
इस अभियान के पहले चरण में 1000 फलदार और छायादार पौधे रोपे गए। आने वाले दिनों में परिसर में चरणबद्ध तरीके से अन्य पौधे भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सेक्टर CRPF के पुलिस महानिरीक्षक साकेत कुमार सिंह थे। उनके साथ पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश कुमार सहाय, के.के. पांडेय, अन्य अधिकारियों और जवानों ने मिलकर पौधारोपण किया।
पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल पर विशेष जोर दिया गया। रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे बचाकर एक बड़ा पेड़ बनाना असली जिम्मेदारी है। CRPF जैसे अनुशासित संगठन के सहयोग से इन पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर रोटरी क्लब के कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने संदेश दिया कि इस प्रकार की मुहीम न केवल प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में मददगार साबित होगी, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित और सेहतमंद भविष्य की नींव भी रखेगी।




