फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement

Advertisement

झारखंड स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 से 28 नवंबर तक राज्यव्यापी उत्सव

'रन फॉर क्लीनलीनेस' से होगी भव्य शुरुआत, रांची के खेलगांव में जुटेगा पूरा झारखंड

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 और वर्तमान राज्य सरकार के सफल कार्यकाल की द्वितीय वर्षगांठ के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में 15 नवंबर से 28 नवंबर तक भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। 14 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव की शुरुआत 15 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में एक साथ ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (स्वच्छता दौड़) के साथ होगी, जबकि इसका भव्य समापन 28 नवंबर को राजधानी रांची के खेलगाँव में आयोजित मुख्य समारोह के साथ किया जाएगा।

छठ घाटों की सफाई के साथ स्वच्छता का संदेश

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह 7 बजे से 8 बजे तक सभी जिलों के प्रमुख चौक-चौराहों से ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस विशेष अभियान का समापन जिलों के महत्वपूर्ण छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ होगा, जिससे आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।

पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 नवंबर से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें खेलकूद प्रतिस्पर्धा, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध-लेखन जैसी गतिविधियां शामिल हैं। जिला स्तर पर चुने गए श्रेष्ठ प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्य स्तरीय मंच पर अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। विजेता टीमों को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

खेलगांव में सजेगा मेला-सह-प्रदर्शनी और सांस्कृतिक संध्या

26 से 28 नवंबर तक खेलगांव परिसर में एक विशाल मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगेंगे, जहां जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, राज्य के हर जिले का एक-एक विशेष स्टॉल भी होगा, जिसमें संबंधित जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। नवाचार (इनोवेशन) पर केंद्रित विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। तीनों दिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी होगा।

योजनाओं की सौगात और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

28 नवंबर को सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मुख्य समारोह में कई नई विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही, लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। इस मौके पर पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
Advertisement

Advertisement
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram