Bokaro News:  बोकारो स्टील सिटी में हज़ारीबाग प्रांत की नाबालिगों एवं संवेदनशील वयस्कों को यौन शोषण एवं यौन उत्पीड़न से संरक्षण नीति के अंतर्गत शनिवार को पुनर्नवीकरण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मसी मार्शल स्कूल पतकी, मसी मार्शल स्कूल कजरकिलो एवं एस. एम. एस. मंझलाडीह के शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बाल संरक्षण संबंधी नीतियों, कानूनी प्रावधानों तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक विद्यालयी वातावरण के निर्माण के प्रति पुनः जागरूक एवं उत्तरदायी बनाना था। प्रशिक्षण का संचालन हज़ारीबाग प्रांत के विधिक सलाहकार फादर सैजू थॉमस ने किया।

उन्होंने बाल संरक्षण नीति की आवश्यकता, बच्चों के अधिकार, यौन शोषण एवं उत्पीड़न की रोकथाम, संभावित जोखिमों की पहचान, शिकायत एवं रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा शिक्षकों और कर्मचारियों की नैतिक एवं कानूनी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान की जिम्मेदारी है कि वह ऐसा वातावरण सुनिश्चित करे, जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी भयमुक्त, सुरक्षित एवं सम्मानजनक परिवेश में शिक्षा प्राप्त कर सके। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर अरुण मिंज, एस.जे. ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, गरिमा एवं समग्र विकास विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण केवल एक नीति नहीं, बल्कि प्रत्येक शिक्षक एवं कर्मचारी की नैतिक प्रतिबद्धता है। ऐसे प्रशिक्षण सभी को अपने दायित्वों के प्रति अधिक संवेदनशील, सजग एवं उत्तरदायी बनाते हैं तथा विद्यालय में सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण के निर्माण को सुदृढ़ करते हैं। प्रशिक्षण सत्र में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अनिवार्य रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न व्यावहारिक परिस्थितियों पर चर्चा की तथा बाल संरक्षण नीति के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि प्रत्येक विद्यार्थी के अधिकारों, सम्मान एवं सुरक्षा की रक्षा के लिए विद्यालय की बाल संरक्षण नीति का पूर्ण निष्ठा एवं ज़िम्मेदारी के साथ पालन किया जाएगा।

Share.
Exit mobile version