Chatra News: सिमरिया थाना क्षेत्र के देल्हो घाटी में सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार यादव की मौत के बाद जनाक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। जवान के अंतिम संस्कार के बाद भी ग्रामीणों का आंदोलन जारी है और पिछले 45 घंटे से अधिक समय से चतरा–सिमरिया मुख्य मार्ग जाम है। आंदोलन को अब चतरा सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, झामुमो नेता मनोज चंद्रा का खुला समर्थन मिल गया है।
ग्रामीणों की मांग है कि मृतक जवान के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, दुर्घटना के जिम्मेदार चालक पर कड़ी कार्रवाई हो तथा हजारीबाग के कोयले की ढुलाई चतरा के रास्ते पूरी तरह बंद की जाए। सड़क जाम के कारण चतरा–हजारीबाग और चतरा–टंडवा–रांची मार्ग पर यातायात ठप है। कोयला परिवहन भी प्रभावित हुआ है और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है।
आंदोलन स्थल पर आमरण अनशन पर बैठे मनोज चंद्रा ने कहा कि मांगें पूरी होने तक कोल वाहनों का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा। विधायक उज्ज्वल दास ने आरोप लगाया कि चतरा के लोगों को केवल धूल और दुर्घटनाएं मिल रही हैं, जबकि लाभ दूसरे जिले को मिलता है। वहीं सांसद कालीचरण सिंह ने अलग कोल ट्रांसपोर्टिंग रोड बनाने, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराते हुए आंदोलन का समर्थन किया। जिला प्रशासन लगातार वार्ता कर रहा है, लेकिन फिलहाल गतिरोध बना हुआ है।
