Lohardaga News:  मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लोहरदगा में शनिवार को कक्षा 12वीं (विज्ञान एवं कला संकाय) के विद्यार्थियों के लिए खुला दिवस, अभिभावक गोष्ठी एवं त्रैमासिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन की समीक्षा के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य, अनुशासन और सर्वांगीण विकास पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। प्रभारी प्राचार्या नीतू कुमारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की घोषणा की।

मंच संचालन रश्मि साहू ने किया।अभिभावक गोष्ठी में विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों तथा भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए घर और विद्यालय के बीच निरंतर संवाद और समन्वय आवश्यक है। अभिभावकों ने महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासित वातावरण की सराहना की। ऋषिका कुमारी के अभिभावक ने कहा कि महाविद्यालय में सभी शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं।

अर्चना कुमारी के अभिभावक ने बताया कि उनके बच्चे में पहले की तुलना में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव आया है। वहीं सृष्टि प्रिया कुमारी के अभिभावक ने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को उत्कृष्ट बताया। अनुभव उराँव के अभिभावक ने कहा कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है तथा नियमित अध्ययन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।त्रैमासिक परीक्षा परिणाम में विज्ञान संकाय में रवि कुमार गुप्ता ने प्रथम, उज्ज्वल कुमार ने द्वितीय तथा तन्मय शेखर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कला संकाय में सोनिका कुमारी प्रथम, शुभांगी गोराई द्वितीय तथा सिद्धांत चिक बड़ाईक तृतीय स्थान पर रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, प्रतिदिन पढ़ाए गए विषयों का पुनरावृत्ति करने तथा समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास करना है। कार्यक्रम के अंत में रेणु दीदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के उपाध्यक्ष विनोद राय, शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य सजीव कुमार झा, यशोदा कुमारी, ऋद्धि मिश्रा, कविता कुमारी, सनोज कुमार साहू, रोहित कुमार, शिखा राय, रितेश पाठक, आरती भगत सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version