सारण : स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत छपरा नगर निगम की ओर से शिल्पी पोखरा परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पोखरा और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई की गई।
अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर श्रमदान किया। लोगों को जलस्रोतों को साफ रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया।
नगर आयुक्त रणजीत कुमार ने बताया कि शिल्पी पोखरा के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की योजना पर काम किया जा रहा है। पोखरा परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ इसे लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने का प्रयास है।
उन्होंने बताया कि पोखरा के आसपास आधुनिक लाइटें भी लगाई जाएंगी। इससे परिसर को सुरक्षित और आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक छोटी कुमारी, महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, उप महापौर रागिनी कुमारी, नगर आयुक्त रणजीत कुमार, एसडीओ नितेश कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और सफाईकर्मी मौजूद रहे।




