Patna: पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार अस्पताल में सभी प्रमुख चिकित्सीय सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। मरीजों को ओपीडी, फिजियोथेरेपी और ऑक्यूपेशनल थेरेपी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं निर्बाध रूप से मिल रही हैं।
नए भवन की समस्या सुलझाने पहुंचे BMSICL के प्रबंध निदेशक
अस्पताल के नए भवन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर सामने आई तकनीकी व ढांचागत दिक्कतों की सूचना मिलते ही बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के प्रबंध निदेशक ने खुद अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल निदेशक और संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में समीक्षा के तुरंत बाद आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिसके बाद सोमवार को ही उत्पन्न समस्या का समाधान निकाल लिया गया।
चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं शेष व्यवस्थाएं
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नए भवन से संबंधित कुछ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन और निर्माण एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय बनाकर शेष बची तकनीकी और भौतिक जरूरतों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है, ताकि आने वाले दिनों में किसी भी स्तर पर चिकित्सीय कार्यों में कोई रुकावट न आए।
संसाधन और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने दोहराया है कि अस्पताल आने वाले मरीजों की सुविधा और बेहतर उपचार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य सहायक मानव संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही उपचार के लिए जरूरी आधुनिक उपकरणों और दवाओं की आपूर्ति को भी नियमित रखा जा रहा है।




