फॉण्ट कनवर्टर NEW

10 दिन में सुलझी ज्वेलर्स लूट की गुत्थी, हथियार और जेवर बरामद

Pakur: अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट की घटना का पाकुड़ पुलिस ने महज 10 दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, सात

अपनी भाषा में पढ़ें

Pakur: अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट की घटना का पाकुड़ पुलिस ने महज 10 दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी, जेवर रखने के सामान, तीन मोबाइल फोन और लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के अमड़ापाड़ा बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। दुकान मालिक आकाश वर्मा के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल सह एसआईटी का गठन किया गया। छह टीमों ने मानवीय सूचना, वैज्ञानिक साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी की।

पुलिस ने मामले में देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका निवासी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ करीब प्रवीण कुमार यादव, बांका जिले के बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र के तिवारीचक निवासी हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव और बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के दलिया बौंसी निवासी कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, जिसमें हेयर क्लिप, 33 सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़े और अन्य आभूषण शामिल हैं, बरामद किए गए। इसके अलावा पांच जेवर रखने वाले ट्रे, किशुन वर्मा ज्वेलर्स लिखे तीन छोटे थैले, आभूषण नापने की मशीन, छह प्लास्टिक के डिब्बे, जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर के दो टुकड़े और 12,700 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, अमेरिका निर्मित अंकित पिस्टल, 7.65 एमएम के पांच जिंदा कारतूस और .315 एमएम के दो जिंदा कारतूस तथा पिस्टल की खाली मैगजीन बरामद की है। लूट में इस्तेमाल काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल और पल्सर एन-160 भी जब्त की गई है। इसके अलावा जीवा कंपनी का कीपैड मोबाइल, ओप्पो स्मार्टफोन और एमआई कंपनी का स्मार्टफोन भी बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार प्रवीण कुमार उर्फ पारो का आपराधिक इतिहास रहा है और वह देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा जिले की कई लूट, डकैती और हथियार से जुड़े मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 तक विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें देवघर के सारवां, सोनारायठाढ़ी, चितरा और मोहनपुर, बोकारो के पेटरवार और माराफारी, जामताड़ा नगर तथा गोड्डा नगर थाना के मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर ज्वेलरी दुकानों, शराब दुकान और जुआ अड्डे में लूट तथा हथियार के बल पर वारदात करने के मामले भी दर्ज हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार समेत अमड़ापाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, रद्दीपुर, सिमलौंग, मालपहाड़ी, नगर थाना और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram