चैनपुर : चैनपुर प्रखंड के टोंगो स्थित उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शुक्रवार को छठा वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कातिंग पंचायत की मुखिया मधुरा मिंज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की सचिव सिस्टर जूलिटा टोप्पो, टोंगो समुदाय की सुपीरियर सिस्टर अनिता लकड़ा एवं सिस्टर सुशीला विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक तोरणद्वारों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आ रहा था। वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोक नृत्य, गीत और लघु नाटकों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने बच्चों की मंच पर आत्मविश्वास भरी प्रस्तुति ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। अभिभावक अपने बच्चों के शानदार प्रदर्शन को देखकर गर्व महसूस कर रहे थे और तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यालय परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की सिस्टर्स, शिक्षक-शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Share.
Exit mobile version