अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur: नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिदगोड़ा पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एग्रिको रोड नंबर–3, भालुबासा इलाके में स्थित एक खंडहर क्वार्टर में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवक और एक युवती शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 100 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा आरोपियों के पास से 5,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खंडहर क्वार्टर लंबे समय से नशे के कारोबार के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी प्रीति कुमारी (27 वर्ष) और बागुननगर टीओपी, रोड नंबर–3 निवासी राहुल सांडिल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पहली बार किसी आपराधिक मामले में पकड़े गए हैं।
इस मामले में सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित एसआई विकास कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार देर शाम न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

