Patna : ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने रविवार को बिहारशरीफ प्रखंड के जोरारपुर गांव पहुंचकर ठनका गिरने से मृत आनंदी प्रसाद के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक की आश्रित सुनीता कुमारी को राज्य सरकार की ओर से सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस मौके पर सांसद कौशलेंद्र कुमार और विधान पार्षद रीना यादव भी मौजूद रहे। मंत्री ने मृतक के परिवार को सांत्वना दी और कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ है। उन्होंने परिजनों को धैर्य रखने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि परिवार को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को चार लाख रुपये की सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए काम कर रही है। आपदा पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार सहित जदयू के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय समाजसेवी मौजूद रहे।



