फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, लाभार्थी बताएंगे योजनाओं से आया बदलाव

बिहार में सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बाद लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां सामने लाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

अपनी भाषा में पढ़ें

पटना : बिहार में सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बाद लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां सामने लाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण, स्कूल पूर्व शिक्षा और महिला-बाल विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। लाभार्थी खुद बताएंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में क्या बदलाव आया है।

दीप प्रज्ज्वलन से होगी शुरुआत

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को जिला परियोजना और आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित कर होगी। आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका लाभार्थियों और जीविका दीदियों को कार्यक्रम में शामिल करेंगी।

लाभार्थियों के अनुभवों को वीडियो और रील के रूप में तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होगा आयोजित

अभियान के दौरान ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम भी होगा। इसमें पोषण माह से जुड़ी गतिविधियों के साथ अन्नप्राशन, गोद भराई और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चों को फल और मिठाई खिलाकर सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

‘पहले और अब’ से दिखेगा बदलाव

अभियान में आंगनबाड़ी केंद्रों में हुए बदलाव को ‘पहले और अब’ की तस्वीरों के जरिए दिखाया जाएगा। हर परियोजना में कम से कम दो आंगनबाड़ी केंद्रों का चयन कर उनकी पुरानी और वर्तमान तस्वीरें तैयार की जाएंगी।

इसके अलावा आईसीडीएस योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों की सफलता की कहानियों पर भी छोटे वीडियो बनाए जाएंगे।

सेविका-सहायिका समेत कई लोगों का होगा सम्मान

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता और अभिभावकों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। बच्चों के बीच कॉमिक बुक का वितरण भी किया जाएगा।

विभाग ने सभी जिला परियोजनाओं को तय कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रम कराने और उनकी फोटो, वीडियो व रिपोर्ट समय पर आईसीडीएस निदेशालय को भेजने का निर्देश दिया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram