Tehran, Iran: ईरान के आसमान में उस वक्त एक भयावह स्थिति पैदा हो गई जब एक यात्री विमान का पहिया टेकऑफ के तुरंत बाद हवा में ही अलग हो गया। यह घटना सेपेहरान एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान में घटी, जिसने ईरान के मशहद शहर से करमानशाह के लिए उड़ान भरी थी। यात्री अभी कुछ समझ ही पाते कि विमान हवा में तेज झटके लेने लगा।
अचानक शुरू हुए जोरदार कंपन से पूरे केबिन में अफरा-तफरी मच गई। कंपन इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों के सिर के ऊपर बने ओवरहेड कंपार्टमेंट टूट गए और सामान नीचे बैठे यात्रियों पर गिरने लगा, जिससे कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आईं। विमान के भीतर दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी सलामती के लिए प्रार्थना करने लगे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खौफनाक वीडियो
An Iranian Sepehran Airlines Boeing 737 was forced to return to Mashhad Airport after a tire reportedly burst shortly after takeoff and the aircraft suffered engine damage.
The flight had been heading to Kermanshah.
Video from inside the plane showed tense passengers. pic.twitter.com/5yR8l6t3cH
— Clash Report (@clashreport) September 15, 2026
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान के अंदर की अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। डरे-सहमे यात्री अपनी जान बचाने की गुहार लगाते हुए ईश्वर को याद कर रहे थे। इस गंभीर संकट के दौरान कई यात्री ‘या अली’ का जाप करते सुनाई दिए। रिपोर्टों के अनुसार, टेकऑफ के वक्त पहिए का टायर अलग होने से इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते पूरा प्लेन हवा में हिचकोले खाने लगा। पायलट ने तुरंत यात्रियों को तकनीकी समस्या की जानकारी दी, जिसके बाद केबिन में कंपन और ज्यादा बढ़ गई।
पायलट की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने बिना वक्त गंवाए मशहद एयरपोर्ट पर लौटने का साहसिक फैसला किया। उधर मशहद एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं को पहले से ही स्टैंडबाई पर तैनात कर दिया गया था। पायलट के संयम और सूझबूझ से विमान को रनवे पर सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे एक बड़ी विमान दुर्घटना टल गई। इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
विमानन अधिकारियों ने बैठाई जांच
विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस अप्रत्याशित घटना के बाद विमानन नियामक अधिकारियों ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, ताकि टायर अलग होने के तकनीकी कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटनाओं को दोहराने से रोका जा सके।




