Jamshedpur news: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में हुई फायरिंग और मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटनास्थल से बरामद फायरिंग के खोखे भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
शुक्रवार को सीटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 10 जून को मरीन ड्राइव के नीचे स्थित बिहारी बस्ती में कुछ युवकों पर जानलेवा हमला किया गया था। हमलावरों ने फायरिंग करने के साथ-साथ ईंट-पत्थरों से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया था। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सती घाट और खरकई नदी किनारे छापेमारी कर आशु कर्मकार और राजेश लोहार को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर विशाल कर्मकार तथा शुभम लोहार उर्फ शिवम लोहार को भी दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पुरानी दुश्मनी के कारण उन्होंने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि बदले की भावना से फायरिंग की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले से हत्या समेत कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक कौशलेन्द्र कुमार ठाकुर, दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, भोला राणा, अमीर हमजा, सहायक अवर निरीक्षक तसौवर हुसैन खान, हवलदार वरुण महतो तथा आरक्षी सिदिउ तैसुम समेत अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



