रांची: राजधानी रांची के पिठौरिया इलाके में अपराधियों ने कृष्णा होटल के मैनेजर बालेश्वर गोराई की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वह होटल में काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शुक्रवार सुबह उनका शव बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर नहीं पहुंचे तो दोस्तों ने शुरू की तलाश
बालेश्वर गोराई के दोस्त संदीप साहू ने बताया कि होटल से काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहे थे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और दोस्तों ने उनकी तलाश शुरू की।
दोस्तों ने उन्हें फोन भी किया था। उस समय उन्होंने बाहर होने की बात कही थी, लेकिन बाद में उनसे संपर्क नहीं हो पाया। खोजबीन के दौरान सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान बालेश्वर गोराई के रूप में हुई।
हत्या की वजह का नहीं हुआ खुलासा
बालेश्वर की हत्या किस वजह से हुई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस आपसी विवाद और पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।
पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हत्या के विरोध में सड़क जाम
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पिठौरिया चौक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सड़क जाम होने से इलाके में आवागमन भी प्रभावित हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





