फॉण्ट कनवर्टर NEW

आदित्यपुर में होटल संचालक पर फायरिंग, स्कूटी सवार बदमाश फरार

Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों ने एक होटल संचालक पर जानलेवा हमला कर इलाके में सनसनी फैला दी। गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित भीतरी पुल के समीप स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशों ने होटल संचालक विशाल गोराई को निशाना बनाते

अपनी भाषा में पढ़ें

Adityapur News:  सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों ने एक होटल संचालक पर जानलेवा हमला कर इलाके में सनसनी फैला दी। गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित भीतरी पुल के समीप स्कूटी सवार अज्ञात बदमाशों ने होटल संचालक विशाल गोराई को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी सर्जरी की। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय विशाल गोराई काशीडीह के निवासी हैं और गम्हरिया क्षेत्र में होटल का संचालन करते हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपना होटल बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया स्टेशन रोड के भीतरी पुल के पास पीछे से स्कूटी पर पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और उन पर फायरिंग कर दी।

गोली विशाल गोराई की कमर के दाहिने हिस्से में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से तेजी से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल विशाल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे समय रहते उनका उपचार शुरू हो सका।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल की सर्जरी सफल रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram