फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड के शहरी जिलों में बन सकती हैं सैटलाइट टाउनशिप, CM ने मांगी कार्ययोजना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा की। बैठक में शहरी विकास, शहरों के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना की समीक्षा की। बैठक में शहरी विकास, शहरों के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रांची स्मार्ट सिटी की तर्ज पर राज्य के अन्य शहरी जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए जमीन, सड़क और परिवहन सुविधा, कनेक्टिविटी, नागरिक सुविधाएं, रोजगार के अवसर और भविष्य की आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की जाए।

रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार पर भी जोर

CM ने रांची स्मार्ट सिटी के मौजूदा संसाधनों और सुविधाओं की समीक्षा करते हुए इसके भविष्य में विस्तार की संभावनाओं पर कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और शहरी जरूरतों को देखते हुए रांची के संतुलित विकास के लिए अभी से तैयारी जरूरी है।

बैठक में हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (HEC) के साथ जमीन समेत अन्य मुद्दों पर भविष्य में बातचीत करने को लेकर भी चर्चा हुई। CM ने अधिकारियों को सभी जरूरी पहलुओं का अध्ययन करने का निर्देश दिया।

नागरिक सुविधाओं और रोजगार पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास केवल सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। शहरों में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण, आसान आवागमन और अच्छी सार्वजनिक सेवाएं मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं से निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलना चाहिए। परियोजनाओं से जुड़े काम में तेजी लाने और नियमित समीक्षा करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।

समय पर पूरा हों विकास कार्य

CM ने अधिकारियों को शहरी विकास की योजनाओं को तय समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाते समय वर्तमान जरूरतों के साथ आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाए।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

read more : बिहार के 19 जिलों में अब क्यूआर कोड से खाद बिक्री, 2 अक्टूबर से पूरे राज्य में लागू

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram