Jamshedpur: MGM अस्पताल में गहराते जलसंकट को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह संकट किसी तकनीकी चूक का नहीं, बल्कि चुनावी लाभ के लिए की गई जल्दबाज़ी का परिणाम है। सरयू राय के अनुसार 2024 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बिना स्थायी जल व्यवस्था सुनिश्चित किए मुख्यमंत्री से अस्पताल का उद्घाटन करवा दिया गया, जिसकी कीमत अब मरीज और अस्पताल प्रबंधन चुका रहे हैं।

गुरुवार को दो घंटे से अधिक समय तक MGM अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद सरयू राय ने कहा कि भवन निर्माण के दौरान जल आपूर्ति की समुचित योजना नहीं बनाई गई। निर्माण एजेंसी एलएंडटी और स्वास्थ्य विभाग दोनों ने इस अहम मुद्दे को नजरअंदाज किया। फिलहाल अस्पताल की जरूरत प्रतिदिन करीब पांच लाख लीटर पानी है, जबकि डीप बोरिंग और मानगो नगर निगम से मिलाकर मुश्किल से दो लाख लीटर पानी उपलब्ध हो पा रहा है। भू-गर्भ जल स्तर गिरने से आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि पानी की कमी के कारण बुधवार और गुरुवार को कई जरूरी ऑपरेशन स्थगित करने पड़े। मानगो नगर निगम द्वारा टैंकर से पानी भेजे जाने के बावजूद अस्पताल का कामकाज सामान्य नहीं हो सका। सरयू राय ने यह भी कहा कि डिमना लेक और डोबो डैम से वैकल्पिक जल आपूर्ति के सुझाव पहले ही दिए गए थे, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सरयू राय ने चेतावनी दी कि यदि मानगो क्षेत्र के लोगों के हिस्से का पानी अस्पताल को दिया गया तो गर्मियों में आम नागरिकों को भारी परेशानी होगी। उन्होंने पूरे मामले की जिम्मेदारी बन्ना गुप्ता पर डालते हुए कहा कि अब उन्हें बताना चाहिए कि बिना पानी की व्यवस्था के अस्पताल शुरू कराने का फैसला क्यों लिया गया।

Share.
Exit mobile version