Samastipur: बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हुई दरिंदगी का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब समस्तीपुर जिले से भी एक लड़की के साथ सरेराह छेड़खानी और अभद्रता का गंभीर मामला सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ मनचले युवक सड़क किनारे खड़ी एक लड़की को घेरकर उसके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज करते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
सरेराह घेरा, हाथ मरोड़ा
View this post on Instagram
यह पूरी घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित लड़की एक युवक के साथ बांध बाईपास मार्ग से गुजर रही थी और दोनों सड़क किनारे रुककर तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां कुछ स्थानीय युवक पहुंच गए और उन्होंने लड़की को चारों तरफ से घेर लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक लड़की से जबरन उसका नाम और पता पूछ रहे हैं, उसके साथ गाली-गलौज कर रहे हैं और उसका हाथ मरोड़ते हुए उसे बीच सड़क पर खींचने की कोशिश कर रहे हैं।
Read more: जमुई घटना के बाद बड़ा सवाल: हमें ‘सोशल मीडिया’ नहीं, ‘सोशल सेंस’ चाहिए!
तमाशबीन बने लोग, बनाया वीडियो
घटना के समय मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने लड़की को बचाने या मनचलों को रोकने के बजाय अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया। वीडियो में युवकों की दबंगई और लड़की की बेबसी साफ देखी जा सकती है। वीडियो वायरल होते ही सामाजिक हलकों और राजनीतिक गलियारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आक्रोश भड़क उठा है। लोग सोशल मीडिया पर आरोपियों के खिलाफ जमुई कांड जैसी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
दो आरोपी चिन्हित, धरपकड़ तेज
मामला सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस के वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद अन्य युवकों की पहचान और उनकी संलिप्तता की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।




