Samastipur: बिहार के जमुई में छात्रा से बदसलूकी का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई सरेराह अभद्रता के मामले ने राज्यभर में आक्रोश पैदा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है। दूसरी ओर, इस घटना को लेकर मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों पर चौतरफा हमला बोल दिया है।
Read more: जमुई के बाद अब समस्तीपुर में दरिंदगी की कोशिश! सड़क पर लड़की को घेरा, हाथ मरोड़े
4 आरोपी गिरफ्तार
यह पूरी घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध रोड की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित लड़की एक युवक के साथ बांध पर खड़ी होकर बातचीत कर रही थी, तभी स्थानीय मनचलों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया। युवकों ने लड़की से जबरन पूछताछ शुरू की, उसका हाथ मरोड़ा और गाली-गलौज करते हुए बदसलूकी की। लड़की ने इस दौरान युवकों की इस हरकत का डटकर विरोध भी किया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर छापेमारी कर चार आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रोहिणी आचार्य का हमला
सुशासन – महिला सुरक्षा का दावा खोखला, बिहार में बहन – बेटियों की आबरू को तार – तार करने वालों का है बोलबाला. ..
जमुई , दरभंगा और अब समस्तीपुर की बर्बर और हैवानियत भरी ये तमाम घटनाएं यह चीख-चीखकर कह रही हैं कि सम्राट सरकार की सरपरस्ती में बिहार में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल… pic.twitter.com/pKXq2DGSR7
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) September 24, 2026
घटना का वीडियो सामने आते ही राजनीतिक पारा गरमा गया। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए नीतीश सरकार पर तीखा वार किया। उन्होंने लिखा कि बिहार में महिला सुरक्षा के सारे सरकारी दावे पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं। रोहिणी ने जमुई, दरभंगा और अब समस्तीपुर की घटनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राज्य में मनचलों और अपराधियों के मन से पुलिस-प्रशासन का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने सरकार की तथाकथित ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर गंभीर सवाल खड़े किए।
शक्ति यादव ने मांगा इस्तीफा
राजद के वरिष्ठ नेता एवं मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी सरकार की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जमुई की शर्मनाक घटना अभी थमी भी नहीं थी कि समस्तीपुर से ऐसा हृदयविदारक वीडियो सामने आ गया, जिसे देखकर किसी का भी सिर शर्म से झुक जाएगा। शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि शासन का इकबाल पूरी तरह समाप्त हो चुका है और बेटियों की सुरक्षा को लेकर पूरे राज्य में भय का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री को उनके पुराने वादों की याद दिलाते हुए नैतिक जिम्मेदारी लेकर पद से इस्तीफे की मांग की।




