फॉण्ट कनवर्टर NEW

सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड में शोक, कई कार्यक्रम स्थगित

Jamshedpur: झारखंड सरकार के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त करते

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur: झारखंड सरकार के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह और पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुःख जताया। त्रिशानु राय ने कहा कि उनके निधन से राज्य ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि, कर्मठ राजनेता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध व्यक्तित्व को खो दिया है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर सुदिव्य कुमार सोनू की सक्रियता और उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंत्री का असामयिक निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उनके निधन से झारखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन को गहरा आघात पहुंचा है। इस दुःख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। त्रिशानु राय ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के कारण कांग्रेस ने 7 सितंबर 2026 को रांची में प्रस्तावित प्रदेशस्तरीय महा-धरना कार्यक्रम को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि कार्यक्रम की नई तिथि और समय की घोषणा बाद में की जाएगी। कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से शोक की इस घड़ी में संयम बनाए रखने की अपील की है।

इधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी अपने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 7 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। पश्चिमी सिंहभूम जिला झामुमो प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने बताया कि जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में 7 सितंबर को प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन अगले आदेश तक स्थगित रहेगा।

बुधराम लागुरी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन झामुमो और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वे संगठन के समर्पित नेता होने के साथ सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन से झामुमो परिवार गहरे शोक में है। उन्होंने सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों, सचिवों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए प्रस्तावित धरना स्थगित रखने तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का अगला कार्यक्रम केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद तय किया जाएगा।

मंत्री के निधन का असर खेल जगत के कार्यक्रम पर भी पड़ा है। पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन ने खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक सम्मान समारोह को भी स्थगित कर दिया है। एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसकी जानकारी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों और प्रेस प्रतिनिधियों को समय पर दी जाएगी।

पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन ने भी सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram