रांची। रांची नगर निगम नागरिकों को समयबद्ध, सुगम और पारदर्शी नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में निगम प्रशासन ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी लाई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल 2026 से 24 जुलाई 2026 तक कुल 7,991 प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। इनमें 6,416 जन्म प्रमाण पत्र और 1,575 मृत्यु प्रमाण पत्र शामिल हैं।
नगर निगम द्वारा यह सेवाएं ‘भारत के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969’ और ‘राइट टू सर्विस एक्ट’ के प्रावधानों के तहत प्रदान की जा रही हैं, ताकि हर नागरिक को तय समय सीमा के भीतर प्रमाण पत्र प्राप्त हो सके।
लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन की तैयारी
जन्म पंजीकरण: 24 जुलाई 2026 तक कुल 587 आवेदन लंबित हैं। इनमें से 386 आवेदनों में दस्तावेजों या जानकारी की त्रुटि के कारण संबंधित अस्पतालों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि 201 आवेदन SDO/DSO स्तर पर स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन हैं।
मृत्यु पंजीकरण: कुल 236 आवेदन लंबित हैं, जिनमें से 92 आवेदन अस्पष्ट जानकारी के कारण अस्पतालों को भेजे गए हैं और 144 आवेदन DSO स्तर पर लंबित हैं।
निगम प्रशासन संबंधित विभागों, निजी अस्पतालों और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इन लंबित मामलों का भी जल्द से जल्द निष्पादन करने में जुटा है।
बिचौलियों से दूर रहने और ऑनलाइन आवेदन की अपील
रांची नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए किसी भी प्रकार के बिचौलियों या दलालों के चक्कर में न पड़ें। केवल अधिकृत ऑनलाइन पोर्टल और तय प्रक्रिया के माध्यम से ही आवेदन करें। आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही और पूरे संलग्न करें ताकि अनावश्यक देरी से बचा जा सके।
निजी अस्पतालों व नर्सिंग होम के लिए सख्त निर्देश
नगर निगम ने शहर के सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम को कड़ा निर्देश जारी किया है कि उनके यहाँ होने वाली जन्म एवं मृत्यु की प्रत्येक घटना का पंजीकरण निगम के ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से करें। इससे आम जनता को समय पर प्रमाण पत्र मिलने में सहूलियत होगी और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।




