Patna: बिहार में आधुनिक, प्रदूषण मुक्त और सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सीएम सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना’ के तहत मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के नए डीलक्स बस बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Read more: अब इलाज के लिए नहीं जाना होगा बाहर, LNJP में शुरू हुई आधुनिक सुविधाएं
6 प्रमुख शहरों में चलेंगी 400 इलेक्ट्रिक बसें
केंद्र सरकार की ‘प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना’ के तहत बिहार को कुल 400 इलेक्ट्रिक बसों (200 बसें 12 मीटर और 200 बसें 9 मीटर श्रेणी) की स्वीकृति मिली है। इनमें से पहली इलेक्ट्रिक बस का लोकार्पण शनिवार को किया गया। ये बसें राज्य के छह प्रमुख शहरों—पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, दरभंगा और पूर्णिया में चलाई जाएंगी। इससे न केवल शहरों में वायु प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
दिल्ली, यूपी और झारखंड समेत कई राज्यों के लिए नई डीलक्स बसें
समारोह के दौरान BSRTC के 149 नए डीलक्स बस बेड़े (75 एसी और 74 नॉन-एसी) में से 3 एसी और 73 नॉन-एसी बसों का भी शुभारंभ किया गया। इन नई डीलक्स बसों का परिचालन बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और हरियाणा जैसे प्रमुख अंतरराज्यीय (Interstate) मार्गों पर होगा। इससे यात्रियों को निजी बसों के बजाय सरकारी, सुरक्षित और किफायती परिवहन का बेहतरीन विकल्प मिलेगा।
Read more: बिहार में ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 19 खिलाड़ियों को बांटे नियुक्ति पत्र
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं नई बसें
ये नई इलेक्ट्रिक और डीलक्स बसें अत्याधुनिक तकनीक और सुरक्षा सुविधाओं से लैस हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




