Patna: भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (SIS) के संस्थापक डॉ. रविंद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन की खबर मिलते ही बिहार की राजनीतिक गलियारों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार को पटना के पाटलिपुत्र स्थित उनके आवास ‘अन्नपूर्णा भवन’ पर नेताओं, गणमान्य लोगों और आम जनता का तांता लग गया।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पाटलिपुत्र स्थित उनके आवास पर पहुंचकर दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
परिजनों को बंधाया ढांढस
अंतिम दर्शन के बाद सीएम सम्राट चौधरी सीधे शोकाकुल परिजनों से मिले। उन्होंने दिवंगत आरके सिन्हा के पुत्र और अन्य परिजनों से गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
इस दौरान सीएम के साथ राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों शीर्ष नेताओं ने आरके सिन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।
दिग्गजों का लगा रहा तांता
आरके सिन्हा के निधन की सूचना पाकर ‘अन्नपूर्णा भवन’ पहुंचने वाले नेताओं का तांता लगा रहा। श्रद्धांजलि देने वालों में कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और विभिन्न दलों के प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश-राज्य के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया।
अन्नपूर्णा भवन में इस दौरान गमगीन माहौल देखा गया, जहां हर आंख नम थी और हर कोई अपने चहेते नेता को आखिरी बार देखने के लिए बेताब दिखा।







