रांची: खादगढ़ा बस टर्मिनल परिसर में लंबे समय से खड़ी लावारिस, कंडम और बेकार बसों समेत अन्य वाहनों को हटाने का निर्देश रांची नगर निगम ने दिया है। नगर निगम ने संबंधित वाहन मालिकों को 7 दिनों के अंदर अपने वाहन परिसर से हटाने को कहा है।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में वाहन नहीं हटाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत सक्षम प्राधिकारी या एमवीआई के माध्यम से वाहनों का मूल्यांकन और उनकी कीमत तय कराई जाएगी।
समय पर वाहन नहीं हटाया तो होगी नीलामी
निर्धारित 7 दिनों के अंदर वाहन नहीं हटाने पर नगर निगम नीलामी की प्रक्रिया शुरू करेगा। नगर निगम ने वाहन मालिकों से समय सीमा के भीतर अपने वाहन हटाने की अपील की है, ताकि उन्हें आगे की कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
बाद में नहीं सुनी जाएगी आपत्ति
नगर निगम ने साफ किया है कि तय समय सीमा खत्म होने के बाद किसी भी दावे, अनुरोध या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित वाहन मालिकों को 7 दिनों के अंदर अपने वाहन हटाने होंगे।




