रांची: झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षक पदों की कमी जल्द दूर की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने पांच मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर संविदा भर्ती निकाली है। इनमें 53 सामान्य और 12 बैकलॉग पद हैं।
इन पदों के लिए 21 सितंबर 2026 को रिम्स, रांची में वॉक-इन इंटरव्यू होगा। इच्छुक उम्मीदवार तय समय पर पहुंचकर इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
इन पांच कॉलेजों में होगी नियुक्ति
एसोसिएट प्रोफेसर की नियुक्ति SNMMCH धनबाद, MGM मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज पलामू और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग में की जाएगी।
मेडिसिन में सबसे ज्यादा वैकेंसी
सामान्य 53 पदों में सबसे अधिक 9 पद मेडिसिन विभाग के हैं। रेडियोलॉजी में 6 और रेडियोथेरेपी में 5 पद हैं। एनाटॉमी, ऑप्थल्मोलॉजी और एनेस्थीसिया में 4-4 पद हैं।
इसके अलावा पैथोलॉजी, सर्जरी और डर्मेटोलॉजी में 3-3, जबकि फिजियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ENT और फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 2-2 पद हैं।
2 लाख रुपये मिलेगा मानदेय
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 2 लाख रुपये फिक्स्ड मानदेय मिलेगा। नियुक्ति अधिकतम दो साल के लिए होगी। संतोषजनक सेवा और वित्त विभाग की मंजूरी के बाद इसे आगे बढ़ाया जा सकता है।
70 साल तक के डॉक्टर कर सकते हैं आवेदन
भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष है। उम्मीदवारों के पास MCI/NMC के नियमों के अनुसार जरूरी योग्यता और अनुभव होना चाहिए। चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन से होगा।
21 सितंबर को कहां पहुंचे उम्मीदवार?
वॉक-इन इंटरव्यू 21 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे RIMS रांची के प्रशासनिक भवन में होगा। उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म के साथ मूल प्रमाणपत्र, शैक्षणिक और अनुभव प्रमाणपत्रों की स्व-सत्यापित प्रतियां, जाति प्रमाणपत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।



