रांची : नवरात्रि के दौरान रांची में डांडिया और गरबा का रंग देखने को मिलेगा। पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में 15 अक्टूबर को भव्य डांडिया-गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट और नृत्य डांस स्टूडियो मिलकर कर रहे हैं।
कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेगा। इसमें पारंपरिक वेशभूषा में डांडिया और गरबा नृत्य के साथ भजन और भक्तिमय संगीत की प्रस्तुतियां भी होंगी। आयोजन को नवरात्रि की धार्मिक और सांस्कृतिक भावना के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के जरिए लोगों को भारतीय लोक संस्कृति और नवरात्रि की परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम को खास बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ और नृत्य श्री डांस स्टूडियो की निर्देशिका पिंकी सिंह ने रांचीवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।



