रांची सदर अस्पताल: महिला के पेट से निकाला 1.45 किलो का तिल्ली, मिला नया जीवन

रांची: सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने अपनी कुशलता का परिचय देते हुए एक महिला मरीज की बेहद जटिल और सफल सर्जरी की है। बुंडू प्रखंड के आनेडीह की रहने वाली सुलोचना देवी लंबे समय से पेट दर्द, भारीपन और गंभीर कमजोरी से जूझ रही थीं।

रांची: सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने अपनी कुशलता का परिचय देते हुए एक महिला मरीज की बेहद जटिल और सफल सर्जरी की है। बुंडू प्रखंड के आनेडीह की रहने वाली सुलोचना देवी लंबे समय से पेट दर्द, भारीपन और गंभीर कमजोरी से जूझ रही थीं। जांच के दौरान पता चला कि उनकी तिल्ली (Spleen) का आकार असामान्य रूप से बढ़कर 26×16 सेंटीमीटर हो गया था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर गिरकर महज 5 ग्राम प्रति डेसीलीटर रह गया था और बार-बार खून चढ़ाने के बाद भी खून का स्तर लगातार घट रहा था।

एक छोटे किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले सुलोचना के पति मृत्युंजय महतो ने कई जगहों पर इलाज कराया था, जहां कुछ अस्पतालों ने खून की गंभीर बीमारी या कैंसर तक की आशंका जता दी थी। इसके बाद मरीज को रांची सदर अस्पताल लाया गया।

यहाँ ऑन्कोलॉजी (कैंसर) विशेषज्ञों की सलाह पर सर्जरी विभाग ने बीते 15 जून 2026 को आयुष्मान योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने आधुनिक लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) तकनीक का इस्तेमाल कर महिला के पेट से 1.45 किलोग्राम वजन की तिल्ली को सुरक्षित बाहर निकाला। सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ और उनका हीमोग्लोबिन बढ़कर 11 ग्राम प्रति डेसीलीटर तक पहुंच गया। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद मंगलवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस शानदार कामयाबी पर अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टर और सर्जरी टीम को बधाई दी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.