लोहरदगा में चुनाव पाठशाला आयोजित, मतदाता सूची अपडेट करने को लेकर अधिकारियों ने समझाई पूरी प्रक्रिया

Lohardaga news: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (एसआईआर-2026) के तहत मंगलवार को आयशा कच्छी स्कूल स्थित बूथ संख्या 272, 273 एवं 274 पर बीएलओ (बीएओ) एवं बीएलए-2 (बीएलए-2) के लिए चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित,

Lohardaga news: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (एसआईआर-2026) के तहत मंगलवार को आयशा कच्छी स्कूल स्थित बूथ संख्या 272, 273 एवं 274 पर बीएलओ (बीएओ) एवं बीएलए-2 (बीएलए-2) के लिए चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

चुनाव पाठशाला में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किड़ो सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण करते हुए बीएलओ एवं बीएलए-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना, मृत, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाना तथा सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन करने, निर्धारित प्रपत्रों का सही ढंग से संधारण करने तथा समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया।

साथ ही बीएलए-2 से भी निष्पक्ष एवं रचनात्मक सहयोग की अपील की गई, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ हुसैन बब्लू, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग जिला अध्यक्ष मुज्जमिल अंसारी, नगर कांग्रेस के मीनू खान तथा वरिष्ठ कांग्रेसी हाजी सकील अहमद ने चुनाव पाठशाला में भाग लेकर पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।

कार्यक्रम में संबंधित तीनों बूथों के बीएलओ एवं बीएलए-2 भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा-आपत्ति, नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ पालन करने का निर्देश दिया।

चुनाव पाठशाला का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कर प्रत्येक पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से जोड़ा जाएगा तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.