Ranchi News: राजधानी रांची का कोयलांचल क्षेत्र खलारी शुक्रवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। केडीएच कॉलोनी में एक सिरफिरे युवक ने ‘राज चिल्ड्रेन स्कूल’ की शिक्षिका पायल कुमारी (29 वर्ष) को बीच रास्ते में रोककर गोली मार दी।

खलारी में सरेआम ‘कत्ल और खुदकुशी’ की कोशिश; शिक्षिका पर गोलियां बरसाकर युवक ने खुद को उड़ाया, वारदात से पहले बनाया वीडियो

वारदात को अंजाम देने के बाद सनकी युवक भागकर अपने घर पहुंचा और वहां खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खून से लथपथ युवती को गंभीर हालत में रिम्स, रांची भेजा गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

स्कूल जाते समय बीच सड़क पर रोका रास्ता; गर्दन में लगी गोली

घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है। पायल कुमारी हर रोज की तरह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। केडीएच कॉलोनी मैदान गेट के पास पहले से घात लगाकर बैठे सुनील केवट उर्फ छोटू (33 वर्ष) ने उन्हें रोका और बिना कुछ सोचे-समझे पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली सीधे पायल की गर्दन में जाकर लगी और वह वहीं गिर पड़ीं। इसके बाद सुनील वहां से भाग निकला और अपने कमरे में जाकर खुद के सिर में गोली दाग दी। सुनील मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला था और यहां अपने एक रिश्तेदार के पास रह रहा था।

प्रेम प्रसंग या एकतरफा जुनून? सुसाइड से पहले वायरल किया वीडियो

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सुनील ने इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था और उसे एक स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप में पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का जिक्र किया है। पुलिस ने उस वीडियो को जब्त कर लिया है और उसे जांच का मुख्य साक्ष्य मान रही है। घायल युवती के पिता सीसीएल के कर्मी हैं और फिलहाल पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है।

रिम्स में नाजुक हालत और इलाके में पुलिस का पहरा

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पायल को डकरा स्थित सीसीएल अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक पायल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उधर, खलारी थाना पुलिस ने सुनील के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। इस दोहरे कांड के बाद केडीएच कॉलोनी में तनाव और दहशत का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

इस खबर को भी पढ़ें : युवती की प्रेमी से नहीं हुई शादी तो प्रेमी को दे दी पति की सुपारी

Share.
Exit mobile version