चैनपुर (गुमला): चैनपुर थाना क्षेत्र के कुलाही बेंदोरा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी के अपने दो बच्चों के साथ कथित रूप से किसी अन्य युवक के साथ चले जाने से मानसिक तनाव में आए 29 वर्षीय विभीषण तुरी ने शनिवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के अनुसार, विभीषण तुरी ने प्रेरणा कुमारी से प्रेम विवाह किया था। दंपति के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। परिवार के भरण-पोषण के लिए विभीषण रांची में मजदूरी करता था। बताया गया कि तीन दिन पूर्व उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर बसिया प्रखंड के जुगो टोली निवासी एक युवक के साथ कहीं चली गई थी।

इसकी जानकारी मिलते ही विभीषण रांची से तत्काल अपने गांव कुलाही बेंदोरा पहुंचा। उसने पत्नी और बच्चों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। मृतक के बहनोई संजीत महली ने बताया कि विभीषण ने पत्नी से कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन लगातार बंद मिला।

परिजनों का कहना है कि पत्नी और बच्चों के नहीं मिलने से विभीषण गहरे मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के बीच शनिवार को उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया और देर रात घर के अंदर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि विभीषण मेहनतकश युवक था और परिवार को लेकर काफी चिंतित रहता था।

इधर, चैनपुर पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक और आधिकारिक कारणों की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।

Share.
Exit mobile version