डुमरी (गुमला): डुमरी थाना क्षेत्र के रतासिल्ली बेगाटोली गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान शांति देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति बिरसपति नगेसिया (50 वर्ष) है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मृतका के सौतेले पुत्र रामशरण नगेसिया ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग घर में रहते हैं, जबकि उनकी सौतेली मां शांति देवी अपने पति बिरसपति नगेसिया और अन्य बच्चों के साथ रहती थीं। शुक्रवार शाम शांति देवी डुमरी बाजार से घर लौटी थीं।
शनिवार सुबह जब उनकी बेटी घर पहुंची तो उसने अपनी मां को घर के अंदर मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डुमरी थाना पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा था। रात करीब दस बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी को जमीन पर गिराकर लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से शांति देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार सुबह आरोपी बिरसपति नगेसिया को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




