रांची: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने एसएसपी राकेश रंजन और अन्य अधिकारियों के साथ शहर के कई पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई और जरूरी निर्देश दिए गए।
प्रशासन की टीम ने आरआर स्पोर्टिंग क्लब, बकरी बाजार, राजस्थान मित्र मंडल, ओसीसी क्लब, जिला स्कूल रामलाला, चंद्रशेखर क्लब, कोकर, बूटी मोड़, चुटिया, हरमू पंच मंदिर और हरमू बाईपास रोड स्थित सत्य अमर लोक पूजा पंडालों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पंडाल की मजबूती, अग्निशमन व्यवस्था, बिजली की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास रास्ते, महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा, पेयजल, सफाई, रोशनी, सीसीटीवी, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी ली गई।
सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने पूजा समितियों को जिला प्रशासन के सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचेंगे। ऐसे में लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
पूजा समितियों को पंडाल में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने, सुरक्षित प्रवेश और निकास की व्यवस्था करने और आपातकालीन रास्ते को हमेशा खाली रखने को कहा गया है। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग प्रवेश-निकास की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
बिजली और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान
प्रशासन ने पंडालों में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी और सीसीटीवी लगाने को कहा है। खुले या असुरक्षित बिजली के तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती करने और महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों व दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। पूजा समितियों को पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यातायात और सुरक्षा पर रहेगी नजर
दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, भीड़ और यातायात व्यवस्था पर पुलिस और प्रशासन लगातार नजर रखेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से दुर्गा पूजा मनाने में सहयोग की अपील की है।



