Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी और राज्य के उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता एवं विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर मंगलवार को उन्हें गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार, सनातन संस्कृति के प्रखर संवाहक एवं विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
रामचरितमानस की पंक्ति का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी ने रामचरितमानस की प्रसिद्ध पंक्ति ‘राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहां बिश्राम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अशोक सिंघल ने इस भाव को अपने जीवन का मूल संकल्प बनाकर अपना सर्वस्व धर्म, संस्कृति और समाज के जागरण के लिए अर्पित कर दिया था। सीएम योगी ने आगे कहा कि अयोध्या धाम में विराजमान आराध्य रामलला का भव्य मंदिर सिंघल जी के संकल्प, संघर्ष और समर्पण की अमर स्मृति है। उनके द्वारा किए गए भगीरथ प्रयास ही आज देश और दुनिया के राम भक्तों के सामने इस अलौकिक रूप में खड़े हैं।
बीजेपी नेताओं और उपमुख्यमंत्रियों ने भी दी श्रद्धांजलि
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के नायक, प्रखर राष्ट्रभक्त एवं विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। चौधरी ने कहा कि एक आदर्श स्वयंसेवक और तपस्वी के रूप में सिंघल का संपूर्ण जीवन सनातन धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के सांस्कृतिक पुनर्जागरण को समर्पित रहा। उनके विचार और राष्ट्रसेवा के मूल्य सदैव हमारा पथ प्रदर्शन करते रहेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें हिंदू पुनर्जागरण का अग्रदूत बताते हुए कहा कि उनकी आजीवन साधना ने राम मंदिर आंदोलन को जन-जन का संकल्प बनाया। इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी उन्हें आंदोलन का प्रमुख स्तंभ और कुशल नेतृत्वकर्ता बताया।
ऐसा रहा अशोक सिंघल का जीवन सफर
गौरतलब है कि अशोक सिंघल लंबे समय तक विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे। उनका जन्म 27 सितंबर 1926 को उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में हुआ था। राम मंदिर आंदोलन के सबसे कद्दावर और प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल सिंघल का 17 नवंबर 2015 को हरियाणा के गुरुग्राम में निधन हो गया था। आज उनकी पुण्यतिथि पर पूरा देश उनके उन योगदानों को याद कर रहा है, जिन्होंने भारतीय इतिहास और संस्कृति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाई।





