रांची: झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा-2026 के अवसर पर पूरे प्रदेश में इन दिनों विरासत, प्रगति और जन-आकांक्षाओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। राज्य के कोने-कोने में आयोजित हो रहे विविध कार्यक्रमों के जरिए न केवल झारखंड के गौरवशाली इतिहास को याद किया जा रहा है, बल्कि आम लोगों के जीवन में खुशहाली लाने वाली योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जा रहा है।
31,756 स्कूलों में गूंजा विकसित झारखंड का संकल्प
इसी कड़ी में मंगलवार 17 नवंबर को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में राज्य भर के 31,756 सरकारी विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को झारखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास, राज्य गठन की गाथा, धरती के वीर महापुरुषों, क्रांतिकारियों और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से विस्तार से अवगत कराया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब आया, जब राज्य के 23 लाख 26 हजार 916 विद्यार्थियों ने एक स्वर में राज्य के सर्वांगीण विकास और एक ‘विकसित झारखंड’ के निर्माण में अपना योगदान देने की शपथ ली।
सिमडेगा में महिलाओं को 1.52 करोड़ की आर्थिक मदद, कौशल रथ रवाना
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सिमडेगा जिले में बड़ा कदम उठाया गया। यहां उपायुक्त कंचन सिंह और उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं और ग्राम संगठनों को विभिन्न आजीविका योजनाओं के तहत कुल 1 करोड़ 52 लाख 65 हजार 500 रुपये की वित्तीय सहायता के सांकेतिक चेक सौंपे। इस राशि में सामुदायिक निवेश निधि के तहत 1.12 करोड़ रुपये, चक्रीय निधि के तहत 24.30 लाख, झारखंड समावेशी आजीविका योजना के तहत 7.60 लाख, वल्नरेबिलिटी रिडक्शन फंड के तहत 8 लाख तथा फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 75 हजार रुपये वितरित किए गए। इसके साथ ही, ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत ‘कौशल रथ’ जागरूकता अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके अंतर्गत 26 नवंबर को कोलेबिरा और 27 नवंबर को केरसई प्रखंड परिसर में सुबह 10 बजे से रोजगार मेलों का आयोजन होगा।
कोडरमा, पलामू और लातेहार में सैकड़ों परिवारों का ‘गृह प्रवेश’
- कोडरमा: जिले में 15 से 21 नवंबर तक ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ मनाया जा रहा है, जिसके तहत कुल 549 पूर्ण आवासों में लाभुकों के गृह प्रवेश का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अबुआ आवास योजना के 336, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 200, पीएम-जनमन के 8 और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 5 आवास शामिल हैं।
- पलामू: यहां भी 15 से 17 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर 667 लाभुकों को उनके नए घरों में गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें पीएम आवास, अबुआ आवास और पीएम-जनमन के आवास शामिल हैं।
- लातेहार: जिले में 17 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत बेहद खुशनुमा रही। मंगलवार को अबुआ आवास योजना के लाभुकों ने विधि-विधान से अपने नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कर खुशियों के साथ नए जीवन की शुरुआत की। इसके अलावा लातेहार के स्कूलों में निबंध व क्विज प्रतियोगिताएं हुईं, पंचायतों में ‘रोजगार सृजन अभियान’ चलाया गया और जनभागीदारी के साथ छठ घाटों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन 24 नवंबर तक इसी तरह की रचनात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियां जारी रखेगा।

सिमडेगा में महिलाओं को 1.52 करोड़ की आर्थिक मदद, कौशल रथ रवाना


