Ramgarh: रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कोयले के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक 12 चक्का ट्रक (OD 09 P 4682) जब्त किया है। कार्रवाई पतरातू वन क्षेत्र पदाधिकारी रोकेश कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जांच के दौरान ट्रक से कोयला परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या चालान नहीं मिला।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वनपाल उत्तम कुमार के नेतृत्व में टीम ने मतकमा चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई।
चालक वाहन छोड़कर फरार
वन विभाग की टीम ने जब ट्रक को रोककर जांच शुरू की तो चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी ली, लेकिन कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी
वन विभाग ने जब्त ट्रक को सुरक्षित अपने परिसर में खड़ा करा दिया है। फरार चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। विभाग ने बताया कि मामले में वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




