Patna: नागरिकों को पासपोर्ट सेवाएं उनके निवास स्थान के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से 23 से 25 अगस्त 2026 तक सिवान समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर विदेश मंत्रालय के ‘पासपोर्ट सेवा-आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत लगाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और समयबद्ध पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराना है।
Read more: सीवान पासपोर्ट फर्जीवाड़ा: गलत जानकारी देकर दूसरा पासपोर्ट लेने के आरोप में चार पर केस
प्रतिदिन 55 अपॉइंटमेंट, कुल 165 आवेदकों को मिलेगी सुविधा
डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) सिवान में पासपोर्ट आवेदनों की संख्या लगातार अधिक रहने के कारण इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय शिविर में कुल 165 आवेदकों के लिए अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं। प्रतिदिन 55 अपॉइंटमेंट उपलब्ध रहेंगे। शिविर का उद्घाटन 23 अगस्त 2026 को सिवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिजवी संयुक्त रूप से करेंगे।
ऐसे करें अपॉइंटमेंट बुक
इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। अपॉइंटमेंट बुक करते समय स्थान के रूप में “Passport Seva Mobile Van Camp, Collectorate Campus-Siwan” का चयन करना होगा। आवेदकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही अपॉइंटमेंट लें और शिविर में आने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही, अपॉइंटमेंट पत्र में दिए गए समय के अनुसार ही शिविर स्थल पर पहुंचें।
संशोधित पासपोर्ट शुल्क रहेगा लागू
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई 2026 से लागू संशोधित पासपोर्ट शुल्क इस शिविर में जमा होने वाले सभी आवेदनों पर भी लागू होगा। इसलिए आवेदन करने से पहले शुल्क और पात्रता संबंधी नियमों की जांच करने की सलाह दी गई है।
अप्रैल 2024 से अब तक 20वां मोबाइल वैन शिविर
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से अप्रैल 2024 से आयोजित यह 20वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा। अब तक बिहार के विभिन्न जिलों और संस्थानों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से लगभग 2,700 पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। सिवान में यह तीसरा मोबाइल वैन शिविर होगा। इससे पहले दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में आयोजित शिविरों को नागरिकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
Read more: नागरिकता नियमों में बड़ा बदलाव : अब पासपोर्ट का पूरा डिटेल देना हुआ अनिवार्य!
डिजिलॉकर के उपयोग को बढ़ावा
विदेश मंत्रालय ने बताया कि पासपोर्ट सेवा वितरण प्रणाली को तकनीक आधारित बनाया जा रहा है, ताकि आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और सुरक्षित हो सके। जहां संभव हो, आवेदकों को डिजिलॉकर के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना ने नागरिकों से अपील की है कि वे पासपोर्ट संबंधी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों और @RPOPatna के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ही प्राप्त करें तथा किसी भी अनधिकृत एजेंट या बिचौलिए से बचें।




