Jamshedpur News:  सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल रेलवे स्टेशन परिसर में बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में रेलवे कर्मचारी की पत्नी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान पम्मी तिवारी के रूप में हुई है। वह रेलवे कर्मचारी अनंत तिवारी की पत्नी थीं।

जानकारी के अनुसार, पम्मी तिवारी बुधवार शाम अपने घर से रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित रेलवे कॉलोनी में परिचितों से मिलने गई थीं। रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच वह वापस अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रेलवे अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। अचानक हुई इस घटना से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं रेलवे कॉलोनी में शोक की लहर फैल गई है।

फिलहाल जीआरपी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पम्मी तिवारी किस ट्रेन की चपेट में आईं और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version