रांची/पलामू। चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए पलामू जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला प्रशासन की टीम ने बाजार समिति स्थित चीनी के कई थोक कारोबारियों के गोदामों पर छापेमारी कर स्टॉक की जांच की।
यह कार्रवाई जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान गोदामों में मौजूद चीनी के स्टॉक और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी ली गई। प्रशासन ने थोक कारोबारियों को कई जरूरी निर्देश भी दिए।
55 से 70 रुपये किलो पहुंची चीनी
पलामू में फिलहाल चीनी करीब 70 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है। बताया गया कि पिछले 15 दिनों में चीनी की कीमत 55 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। कीमतों में अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने स्टॉक की जांच शुरू की है।
रोजाना ऑनलाइन अपडेट करना होगा स्टॉक
जिला प्रशासन ने सभी थोक कारोबारियों को निर्देश दिया है कि वे चीनी को निर्धारित कीमत से अधिक पर न बेचें। साथ ही गोदाम में मौजूद चीनी के स्टॉक की जानकारी रोजाना ऑनलाइन अपडेट करनी होगी।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि गोदामों में चीनी के स्टॉक की जांच की गई है और कारोबारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन चीनी के कारोबार और कीमतों पर लगातार नजर रख रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पलामू कृषि बाजार समिति में चीनी के थोक कारोबारियों के स्टॉक की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।




