फॉण्ट कनवर्टर NEW

कतर ने चेताया कहा- अगर यही रवैया रहा पूरी दुनिया ईंधन के लिए तरसेगी

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने संभावित कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Qatar: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच लगातार जारी तनाव और संघर्ष के कारण वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर गंभीर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। इस भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच कतर ने दुनिया को आने वाली बेहद कठिन और बदतर स्थितियों के लिए तैयार रहने की एक गंभीर चेतावनी दी है।

कतर के अमीर की चेतावनी और ऊर्जा संकट का खतरा

कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने शूरा काउंसिल के वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि आने वाले दिनों में वैश्विक स्तर पर लोगों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए। अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह काउंसिल का पहला सत्र था, जिसमें उन्होंने कतर पर ईरान के लगातार हमलों की कड़ी निंदा की।

उन्होंने जोर देकर कहा कि खाड़ी क्षेत्र और सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (होर्मुज जलडमरूमध्य) में परिवहन को सुरक्षित बनाने तथा ऊर्जा बुनियादी ढांचे की रक्षा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयासों को दोगुना करने की आवश्यकता है।

वैश्विक बाजार पर कतर की ऊर्जा आपूर्ति का प्रभाव

कतर दुनिया के कुल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा संभालता है। ऐसे में होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने या रास लाफान ऊर्जा केंद्र को किसी भी तरह का नुकसान पहुंचने से कतर के ऊर्जा निर्यात में भारी रुकावट आ सकती है। इससे कतर से गैस और तेल आयात करने वाले देशों में आपूर्ति को लेकर गंभीर संकट पैदा हो जाएगा।

अमीर अल-थानी ने फारस की खाड़ी और उसके जलमार्गों की सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे देश की संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कतर की ऊर्जा आपूर्ति में आने वाली कोई भी बाधा बहुत जल्द पूरी दुनिया के बाजारों और उपभोक्ताओं पर व्यापक असर डालेगी। इसी अनिश्चितता को देखते हुए उन्होंने दुनिया को आगाह किया है कि ईंधन और ऊर्जा की आपूर्ति को लेकर पूरी दुनिया को सबसे खराब हालात के लिए तैयार रहना होगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram