रांची: झारखंड सरकार के उपक्रम झारखंड स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) ने राज्य के विभिन्न जिलों में अपने कार्यालयों के कामकाज को निर्बाध बनाए रखने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक कार्यालय की ओर से राज्य के 19 जिलों में स्थित प्रबंध निदेशक कार्यालयों के लिए आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुरूप साइलेंट डीजल जनरेटर सेट की खरीद, आपूर्ति और स्थापना हेतु ई-निविदा आमंत्रित की गई है। यह पूरी प्रक्रिया भारत सरकार के गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM Portal) के माध्यम से पारदर्शी रूप से संचालित की जा रही है।
CPCB IV+ मानक वाले जेनरेटरों की होगी आपूर्ति
जारी रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल के अनुसार, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कड़े उत्सर्जन मानकों (CPCB IV+ Compliant) का पालन करने वाले साइलेंट डीजल जनरेटर सेट्स की आपूर्ति ली जाएगी। यह निविदा विभिन्न क्षमताओं यानी 15 kVA, 10 kVA, 7.5 kVA और 5 kVA के जेनरेटर सेटों के लिए जारी की गई है।
टर्नकी आधार पर होगी पूरी परियोजना
इस टेंडर के तहत चयनित मूल उपकरण निर्माताओं, उनके अधिकृत डीलरों या प्रतिष्ठित हार्डवेयर आपूर्तिकर्ताओं को टर्नकी आधार पर कार्य करना होगा। इसके दायरे में सामग्री की खरीद, 19 जिलों तक सुरक्षित ढुलाई (डिलीवरी), संबंधित साइटों पर इंस्टॉलेशन, तकनीकी परीक्षण और कमीशनिंग शामिल है। इसके साथ ही आपूर्तिकर्ता फर्म को दो वर्षों का ‘ओईएम ऑनसाइट कॉम्प्रिहेंसिव वारंटी एवं मेंटेनेंस’ भी प्रदान करना अनिवार्य होगा, ताकि उपकरणों के सुचारू संचालन में कोई बाधा न आए।
निविदा की मुख्य तिथियां
- ऑनलाइन बिड जमा करने की अंतिम तिथि व समय: 25 नवंबर 2026, शाम 5:00 बजे तक
- तकनीकी बिड खोलने की तिथि व समय: 26 नवंबर 2026, शाम 5:00 बजे
- बिड ऑफर वैधता: अंतिम तिथि से 180 दिन
कॉरपोरेशन ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत नियम, तकनीकी शर्तें और टेंडर दस्तावेज GeM पोर्टल के साथ-साथ कॉरपोरेशन की आधिकारिक वेबसाइट
jsbcl.in पर उपलब्ध हैं। किसी भी तकनीकी मार्गदर्शन अथवा जानकारी के लिए आपूर्तिकर्ता उत्पाद भवन (कांके रोड, रांची) स्थित मुख्यालय या आधिकारिक ईमेल jsbcl.jharkhand@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।






