रांची : राजधानी रांची में ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर रांची जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन ने गुरुवार यानी 29 अक्टूबर को आपात बैठक बुलाई है। यह बैठक दोपहर 1 बजे लाइन टैंक रोड स्थित ड्यूक मेंशन में यूनियन कार्यालय में होगी। बैठक में ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
मनमाने जुर्माने को लेकर चालकों में नाराजगी
यूनियन के अध्यक्ष दिनेश सोनी, उपाध्यक्ष शकील रेन और महासचिव एमडी अब्बास ने बुधवार को संयुक्त बयान जारी कर बैठक की जानकारी दी। यूनियन के अनुसार रांची में ई-रिक्शा चालकों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चालकों पर मनमाने तरीके से जुर्माना लगाए जाने को लेकर भी नाराजगी है।
यूनियन ने जिला प्रशासन की ओर से नए नियम बनाए जाने पर भी चिंता जताई है। पदाधिकारियों का कहना है कि नए नियमों के जरिए शहर से ई-रिक्शा हटाने की कोशिश की जा सकती है।
सभी ई-रिक्शा चालकों से बैठक में शामिल होने की अपील
यूनियन ने सभी पदाधिकारियों और ई-रिक्शा चालकों से गुरुवार को समय पर बैठक में पहुंचने की अपील की है। बैठक में चालकों की समस्याओं पर चर्चा करने के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी। यूनियन के महासचिव एमडी अब्बास ने कहा कि सभी चालकों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि उनकी समस्याओं को लेकर उचित निर्णय लिया जा सके।




