रांची : रांची में आज जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पूरे उत्साह और अकीदत के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। बड़गांई, खिजुर टोला, एदलहातू, मोरहाबादी समेत कई इलाकों से लोग जुलूस में शामिल होंगे।
डोरंडा बाजार स्थित इमामबाड़ा मरकजी मैदान में सुबह 9 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। दोपहर 1 बजे तक धार्मिक और नातिया कार्यक्रम होंगे। जुलूस के मैदान पहुंचने पर उसका स्वागत किया जाएगा।
इशा की नमाज के बाद मुख्य जलसा होगा। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए उलेमा पैगंबर हजरत मोहम्मद की सीरत, जीवन और शिक्षाओं पर बात करेंगे। कार्यक्रम में इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया जाएगा।
जलसे में मुरादाबाद के मुफ्ती द रजा कादरी और उत्तर प्रदेश के मौलाना वारिश जमाल विशेष संबोधन करेंगे। वहीं शायर जमजम फतेहपुरी नातिया कलाम पेश करेंगे। कार्यक्रम देर रात तक चलेगा।
सुन्नी बरैलवी सेंट्रल कमिटी ने लोगों से शांति, एकता और भाईचारे के साथ जुलूस में शामिल होने की अपील की है। साथ ही कमिटी के दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।




