ताशकंद: उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान ‘ओलीय दरजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया। यह सम्मान भारत और उज्बेकिस्तान के बीच मजबूत होते संबंधों को दर्शाता है।
पीएम मोदी को अब तक 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इनमें विभिन्न देशों और संस्थाओं की ओर से दिए गए राजकीय सम्मान और अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कार शामिल हैं। इसी साल जुलाई में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भी पीएम मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान ‘बितांग आदिपूर्ण’ प्रदान किया था।
इससे पहले पीएम मोदी ने ताशकंद में राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक से पहले राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी का ताशकंद में औपचारिक और गर्मजोशी से स्वागत किया।
उज्बेकिस्तान दौरे के दौरान पीएम मोदी ने 52 योग साधकों के विशेष योग सत्र को भी देखा। उन्होंने योग सत्र की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उज्बेकिस्तान में योग को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताया।
योग सत्र में उज्बेकिस्तान योग महासंघ के छह सदस्य भी शामिल हुए। इन सदस्यों ने जून 2026 में अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में उज्बेकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था।
पीएम मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे थे। ताशकंद पहुंचने पर उन्होंने गर्मजोशी से स्वागत के लिए राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को धन्यवाद दिया।
read More :वॉकथॉन के जरिए मारवाड़ी युवा मंच ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, किया पौधारोपण




