लातेहार: झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बेतला नेशनल पार्क पहुंचना आने वाले दिनों में आसान हो सकता है। यहां बेतला के नाम पर रेलवे स्टेशन बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही केड़-बेतला रोड पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाने की भी योजना है।
शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। इस योजना के पूरा होने से बेतला आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे और पथ निर्माण विभाग ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर सिंह और सहायक अभियंता राजेंद्र महतो मौजूद रहे। वहीं, रेलवे की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश जाला और लाइजन ऑफिसर प्रकाश तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि बेतला नेशनल पार्क के नाम पर रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। इसके अलावा केड़-बेतला मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है।
हर साल 1.20 लाख पर्यटक पहुंचते हैं बेतला
करीब 226 वर्ग किलोमीटर में फैला बेतला नेशनल पार्क हर साल लगभग 1.20 लाख पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां पश्चिम बंगाल के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हैदराबाद और हरियाणा से भी पर्यटक पहुंचते हैं।
फिलहाल पर्यटकों को सड़क मार्ग से बेतला पहुंचना पड़ता है। रेलवे स्टेशन बनने से दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को यात्रा में सुविधा मिल सकती है।
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार का अवसर
बेतला को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की पहल से पर्यटन के साथ स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर होटल, होम स्टे, वाहन संचालकों, टूरिस्ट गाइड और छोटे दुकानदारों को फायदा हो सकता है।
इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। इस परियोजना से बेतला और पलामू क्षेत्र के पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read more : स्वास्थ्य मंत्री की चेतावनी बेअसर, झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मियों का आंदोलन जारी




